महाराष्ट्र
1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज उठाने वाले आदिवासी वीर योद्धा बाबूराव शेडमाके का संघर्ष आज भी आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी थी।
महाराष्ट्र के आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उईके ने वीर बाबूराव शेडमाके के योगदान को याद करते हुए उन्हें आदिवासी समाज के स्वाभिमान, आत्मसम्मान और अधिकारों का प्रतीक बताया है।
वीर बाबूराव शेडमाके का जन्म 12 मार्च 1833 को वर्तमान गडचिरोली जिले के किश्तपुर मोलमपल्ली गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम पुल्लेसुर बापू और माता का नाम जुर्जाकुंवर था। उन्होंने रायपुर में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। बाद में आदिवासी समाज की पारंपरिक गोटूल व्यवस्था से जुड़कर पारंपरिक युद्धकलाओं का प्रशिक्षण लिया।
1857 में जब पूरे देश में अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह की लहर उठी, तब बाबूराव शेडमाके ने चंद्रपुर क्षेत्र में आदिवासी युवाओं को एकजुट किया। 24 सितंबर 1857 को उन्होंने जंगोम सेना की स्थापना की, जिसमें लगभग 500 सैनिक शामिल थे।
इस सेना ने अंग्रेजों के खिलाफ कई संघर्ष किए। 7 मार्च 1858 को जंगोम सेना ने राजगढ़ किले पर हमला कर उसे अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद 13 मार्च 1858 को नांदगांव घोसरी के जंगल में अंग्रेजी सैनिकों को भी पराजित किया।
उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था।
अंग्रेजों ने उन्हें पकड़ने के लिए इनाम घोषित किया था। आखिरकार विश्वासघात के कारण 18 सितंबर 1858 को भोपाळपट्टनम से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद चंद्रपुर जेल में उन पर राजद्रोह का मुकदमा चलाया गया।
21 अक्टूबर 1858 को मात्र 25 वर्ष की उम्र में चंद्रपुर जिला कारागार के बाहर एक पीपल के पेड़ पर उन्हें फांसी दे दी गई।
हालांकि, उनका बलिदान आज भी आदिवासी समाज की स्मृतियों और लोकगीतों में जीवित है। 12 मार्च 2009 को भारत सरकार ने उनकी स्मृति में विशेष डाक टिकट भी जारी किया था।
वीर बाबूराव शेडमाके का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और समाज के स्वाभिमान के लिए एकजुट रहने की प्रेरणा देता है।






