सूखे की मार झेल रहे किसानों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। महाराष्ट्र सरकार प्रभावित किसानों तक आर्थिक सहायता जल्द पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसी बीच राज्य मंत्री योगेश कदम ने पालघर जिले के मोखाडा तालुका स्थित हट्टीपाडा गांव पहुंचकर किसानों के साथ दिवाली मनाई और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान मंत्री योगेश कदम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सूखे के इस संकट में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें राहत दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
किसानों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों को दी जा रही पांच हजार रुपये की प्राथमिक आर्थिक सहायता में से कई किसानों को राशि मिल चुकी है। वहीं, बाकी पात्र किसानों को अगले चार दिनों के भीतर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही ई-केवाईसी और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए अधिकारियों को गांव में ही विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री योगेश कदम ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए, बल्कि अधिकारियों को खुद किसानों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्राथमिक सहायता के साथ-साथ किसानों को फसल के नुकसान का मुख्य मुआवजा दिलाने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मोखाडा के तहसीलदार रोहन शिंदे, तालुका कृषि अधिकारी अमोल जोशी, पुलिस निरीक्षक अजित साबळे सहित अन्य अधिकारी, ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे।
स्थान: हट्टीपाडा, मोखाडा, जिला पालघर।






