पालघर (महाराष्ट्र)।
चहाडे ग्राम के कातकरी पाड़ा में आदिवासी कातकरी समाज को राशन देने में टालमटोल करने वाले दुकानदार पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार पर मामला दर्ज कर उसका राशन लाइसेंस रद्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, दिव्यांग राशन कार्डधारक राम शांताराम गरेल सहित लगभग 15 लाभार्थियों को दुकानदार ने ऑनलाइन पावती के बावजूद राशन देने से मना कर दिया। मामला श्रमजीवी संगठन के संज्ञान में आने पर उल्हास पाटिल, हीना वनगा, अधिवक्ता राजेश राऊत सहित कार्यकर्ता रात में ही तहसीलदार रमेश शेंडगे के कार्यालय पहुंचे और तात्कालिक कार्रवाई की मांग की।
तहसीलदार शेंडगे ने गंभीरता दिखाते हुए पुरवठा अधिकारी विजय बच्चे की मौजूदगी में जांच के आदेश दिए। देर रात पालघर पुलिस थाने में दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई ग्रामीण राशन प्रणाली की खामियों को उजागर करती है और यह साबित करती है कि संगठित प्रयास से प्रशासन को जवाबदेह बनाया जा सकता है।







