व्हाटअप्प ग्रुप ज्वाइन करने के लिए यहाँ क्लिक करे 👉
---Advertisement---

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समय-सीमा बढ़ाई गई

On: Thursday, October 1, 2026 10:12 PM
---Advertisement---
दावे और आपत्तियां 12 अक्टूबर तक दर्ज करा सकेंगे
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 16 नवंबर को होगा
पालघर: भारत निर्वाचन आयोग ने 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि (पात्रता तिथि) के आधार पर महाराष्ट्र में चल रहे मतदाता सूचियों के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम की समय-सारणी में संशोधन किया है। आयोग द्वारा जारी निर्देशानुसार इस संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग की नई समय-सारणी के अनुसार दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 12 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। वहीं, प्राप्त दावों व आपत्तियों पर नोटिस जारी करने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया 10 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 16 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
संशोधित समय-सारणी इस प्रकार है:
 • दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि: 31 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026
 • नोटिस प्रक्रिया तथा दावों व आपत्तियों का निस्तारण: 31 अगस्त से 10 नवंबर 2026
 • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 16 नवंबर 2026
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने पालघर जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस विस्तारित समय-सीमा का लाभ उठाने की अपील की है। 
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वे नए मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन करें। इसके अलावा यदि नाम या विवरण में कोई सुधार, संशोधन या आपत्ति हो, तो निर्धारित प्रपत्र में अपने मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी या संबंधित बीएलओ (BLO) के पास समय रहते आवेदन जमा करें।
विशेष रूप से जो नागरिक 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर पात्रता प्राप्त कर रहे हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। जिले का कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए सभी नागरिक स्वयं तथा अपने परिवार के योग्य सदस्यों के नाम की पुष्टि मतदाता सूची में कर लें।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए (BLA), स्वयंसेवी संस्थाओं, महाविद्यालयों तथा सभी संबंधित हितधारकों से आह्वान किया है कि वे इस संशोधित कार्यक्रम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं और मतदाता पंजीकरण अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---