
बोईसर:
जिले के औद्योगिक नगर बोईसर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। दोपहर लगभग 04:00 से 04:30 बजे के बीच हुए इस हादसे में एक स्कूटी सवार महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना खैरापाड़ा मेकॉर्ड्स कंपनी के पास, विरसा मुंडा चौक के समीप घटित हुई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतका की हुई पहचान
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान डॉ. विष्णू प्रभा के रूप में हुई है, जो बोईसर के कृष्णानगर क्षेत्र की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि वह अपनी स्कूटी से किसी कार्यवश जा रही थीं, तभी विरसा मुंडा चौक के पास वह इस हादसे का शिकार हो गईं।
टक्कर की परिस्थितियां अब भी अस्पष्ट
दुर्घटना किस प्रकार हुई और किस वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी, इसकी स्पष्ट पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ. विष्णू प्रभा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चिकित्सा क्षेत्र में शोक की लहर
डॉ. विष्णू प्रभा बोईसर के ओसवाल क्षेत्र स्थित ‘इस्माइल डेंटल क्लिनिक’ में डॉ. प्रमोद जैन के यहाँ कार्यरत थीं। वह क्षेत्र में एक मेहनती, मिलनसार और समर्पित चिकित्सा पेशेवर के रूप में जानी जाती थीं। उनके इस तरह आकस्मिक निधन से स्थानीय नागरिकों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों में गहरा दुख है।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने और फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए विरसा मुंडा चौक तथा आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने की यातायात सुधार की मांग
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के खिलाफ चिंता और रोष है। लोगों ने मांग की है कि विरसा मुंडा चौक और इसके आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए। नागरिकों के अनुसार, इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है, इसलिए गति नियंत्रण (स्पीड ब्रेकर), सिग्नल व्यवस्था और पुलिस निगरानी बढ़ाना बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: पराग यादव, बोईसर संवाददाता







