पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) श्री यतीश देशमुख की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सफाला में हुई ताजा ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ ने नशा माफियाओं की कमर तोड़ दी है। इस बड़ी कामयाबी के बाद अब खबरदीप जनमंच और हिंद आवाज मीडिया संयुक्त रूप से प्रशासन से यह विशेष मांग करते हैं कि जिले से नशे की गंदगी को जड़ से मिटाने के लिए इस अभियान को आधिकारिक तौर पर

‘ऑपरेशन क्लीन-अप’ का नाम देकर इसे और अधिक विस्तार दिया जाए।
रिहायशी फ्लैट में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 45 लाख की ब्राउन शुगर जप्त
नशे के तस्करों ने कानून की नजरों से बचने के लिए सफाला के ग्राम माकुणे, पंडितपाड़ा स्थित ‘साई-सिद्धी बिल्डिंग’ के फ्लैट नंबर A/401 को अपना गुप्त अड्डा बनाया था। एसपी यतीश देशमुख के कुशल मार्गदर्शन में सफाला पुलिस ने इस ठिकाने पर ऐसा प्रहार किया कि माफियाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। छापेमारी में 224.61 ग्राम घातक ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 44,92,200 रुपये आंकी गई है।
लेडी तस्कर समेत अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक ‘लेडी तस्कर’ सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार सीधे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से जुड़े हैं:
हिना जमील अहमद (35 वर्ष, निवासी: उत्तर प्रदेश): गिरोह की मुख्य कड़ी और शातिर महिला तस्कर।
खुदाबख्श मोहम्मद शाहिद (38 वर्ष, निवासी: हरिद्वार, उत्तराखंड): सप्लाई चेन का मास्टरमाइंड।
विधि संघर्षित बालक: शातिर अपराधियों ने अपनी ढाल बनाने के लिए एक नाबालिग को भी इस गंदे धंधे में धकेला था, जिसे हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने मौके से ड्रग्स के अलावा मोबाइल, नकदी और पैकेजिंग सामग्री समेत कुल 45,25,850 रुपये का माल जप्त किया है। आरोपियों को 8 मई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांबाज टीम का नेतृत्व
इस सफल मिशन को एसपी यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले और डीएसपी विकास नाईक के रणनीतिक मार्गदर्शन में सफाला पुलिस स्टेशन के सपोनि दत्ता शेळके, पोउपनु चंद्रकांत हाके, पोउपनु दिपविजय भवर और उनकी टीम ने अंजाम दिया। सफाला पुलिस स्टेशन में अपराध संख्या 56/2026 के तहत NDPS एक्ट 1985 की धारा 8(क), 21(ब) और 29 के अनुसार मामला दर्ज किया गया है।
खबरदीप जनमंच एवं हिंद आवाज मीडिया का विशेष आह्वान
“प्रशासन की यह कार्रवाई अत्यंत सराहनीय है, लेकिन अब समय आ गया है कि इस जंग को एक संगठित और प्रभावशाली नाम दिया जाए। खबरदीप जनमंच और हिंद आवाज मीडिया पुलिस प्रशासन से यह पुरजोर मांग करते हैं कि नशे के खिलाफ इस पूरी मुहिम को ‘ऑपरेशन क्लीन-अप’ के नाम से चलाया जाए। जिस तरह सफाला में रिहायशी इलाकों के भीतर घुसकर पुलिस ने प्रहार किया है, वैसी ही ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ पूरे जिले में होनी चाहिए। जब तक हर गली और हर मोहल्ला नशे की इस गंदगी से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक ‘ऑपरेशन क्लीन-अप’ जारी रहना चाहिए। एसपी यतीश देशमुख की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति ही पालघर का भविष्य सुरक्षित करेगी।”






