Mamta Kulkarni News: फिल्म अभिनेत्री से साध्वी बनीं ममता कुलकर्णी ने महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पट्टाभिषेक होने के महज 18 दिनों बाद यह निर्णय लिया। अपने इस्तीफे के पीछे उन्होंने लगातार हो रही आलोचना और आरोपों को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने इस पूरे विवाद के लिए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और अर्धनारीश्वर धाम की प्रमुख हिमांगी सखी को दोषी ठहराया है।
Mamta Kulkarni News: महामंडलेश्वर बनने के लिए मांगे गए थे पैसे
ममता कुलकर्णी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि महामंडलेश्वर की पदवी दिए जाने के लिए उनसे दो लाख रुपये मांगे गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि किन्नर अखाड़े में पैसे लेकर महामंडलेश्वर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं थे, लेकिन किन्नर अखाड़े के एक महामंडलेश्वर की जेब से दो लाख रुपये निकाल लिए गए।
Mamta Kulkarni News: 25 साल पहले छोड़ दी थी फिल्म इंडस्ट्री
अपने वीडियो संदेश में ममता कुलकर्णी ने कहा कि उन्होंने 25 साल पहले ही फिल्में छोड़ दी थीं और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में जुट गई थीं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उनके महामंडलेश्वर बनने से इतना विवाद क्यों हो रहा है और लोग उन्हें टारगेट क्यों कर रहे हैं।
Mamta Kulkarni News: 24 जनवरी को मिली थी संन्यास दीक्षा
प्रयागराज महाकुंभ में 24 जनवरी को किन्नर अखाड़े ने ममता कुलकर्णी को संन्यास दीक्षा दी थी और उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि से सम्मानित किया था। सार्वजनिक समारोह में उनका पट्टाभिषेक कर चादर पेशी की रस्म अदा की गई थी। हालांकि, उनके महामंडलेश्वर बनने के बाद से ही विवाद शुरू हो गया था।
Mamta Kulkarni News: धीरेंद्र शास्त्री समेत संतों ने जताई थी आपत्ति
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और अन्य संतों ने ममता कुलकर्णी के महामंडलेश्वर बनने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने व्यंग्य करते हुए कहा था कि वह कई सालों से धार्मिक क्षेत्र में सक्रिय हैं, लेकिन उन्हें अब तक महामंडलेश्वर नहीं बनाया गया।
Mamta Kulkarni News: किन्नर अखाड़ा छोड़ने पर सस्पेंस बरकरार
ममता कुलकर्णी ने इस्तीफे के बावजूद यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने किन्नर अखाड़ा भी छोड़ दिया है या नहीं। उनके पुराने जीवन को लेकर कई सवाल खड़े किए गए थे और कुछ लोगों ने उनके राष्ट्र विरोधी ताकतों से संबंध होने के भी आरोप लगाए थे।
Mamta Kulkarni News: अखाड़ा परिषद ने किया बचाव
विवाद बढ़ने के बाद अखाड़ा परिषद ने ममता कुलकर्णी और किन्नर अखाड़े का बचाव किया। महामंडलेश्वर की पदवी दिए जाने के बाद उन्हें नया नाम ‘श्री यमाई नंद गिरि’ दिया गया था। हालांकि, बढ़ते विवाद के बीच उन्होंने पद छोड़ने का फैसला कर लिया।