Union Budget 2025: सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति मुर्मू को “Poor Lady” कहा, BJP ने इसे आदिवासी महिला का बताया अपमान

Union Budget 2025: संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। सोनिया गांधी ने कहा, “वो Poor Lady हैं और अभिभाषण के बाद थक गई थीं।” वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को “बोरिंग” बताया।

Union Budget 2025: बीजेपी ने सोनिया गांधी के बयान पर जताई आपत्ति

बीजेपी ने सोनिया गांधी के इस बयान को राष्ट्रपति का अपमान बताया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा, “हम बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘Poor’ शब्द के इस्तेमाल की निंदा करते हैं। कांग्रेस की यह मानसिकता गरीबों और आदिवासियों के प्रति उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाती है।”

Union Budget 2025: सोनिया गांधी ने आदिवासी महिला का किया अपमान’ – एसपी सिंह बघेल

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी सोनिया गांधी की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति का अभिभाषण बीते साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा था। सोनिया गांधी का बयान सर्वोच्च पद पर बैठी एक आदिवासी महिला का अपमान है।”

Union Budget 2025: संबित पात्रा ने सोनिया और राहुल गांधी पर किया हमला

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोनिया गांधी से माफी की मांग करते हुए कहा, “सोनिया गांधी ने जो बयान दिया है, वह पूरी तरह से अनुचित है। राष्ट्रपति मुर्मू ने बुलंदी के साथ अपनी बात रखी। कांग्रेस को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।” राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश की जाती है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाते।”

Union Budget 2025: वित्त मंत्री ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25

शुक्रवार (31 जनवरी 2025) को संसद के बजट सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 लोकसभा में पेश किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 1 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।

Union Budget 2025: राष्ट्रपति ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर दिया जोर

अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकार ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा को सरकार अभूतपूर्व उपलब्धियों के माध्यम से नई ऊर्जा दे रही है।

Union Budget 2025: 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले – राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक सुधारों और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम कर रही है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *