पालघर जिले के मनोर-नांदगांव मार्ग पर 4 सितंबर की शाम लगभग 4 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सावर्खंड गांव के निवासी गणेश गोवारी अपनी बाइक से नांदगांव की ओर से मनोर की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक और कार दोनों को भारी नुकसान पहुंचा तथा गणेश गोवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक ने मानवता दिखाते हुए उन्हें मनोर के आस्था अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए वसई के एक बड़े अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
प्राथमिक जांच के अनुसार, यह हादसा अत्यधिक रफ्तार के कारण हुआ है। इस घटना से सबक लेते हुए नागरिकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना आवश्यक है। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, सड़क पर सावधानी बरतें, बाइक सवार हेलमेट का उपयोग करें और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें।
👉 “सावधानी से वाहन चलाएं – जीवन सुरक्षित रखें।”
इस दुर्घटना की आगे की जांच पालघर पुलिस के मनोर थाने द्वारा की जा रही है।