पालघर (महाराष्ट्र)। डहाणू शहर के पोंदा कॉलेज, पारनाका क्षेत्र से एक 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा के लापता होने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बुधवार, 8 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े छह बजे यह छात्रा रोज़ाना की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। उसके भाई ने उसे कॉलेज के पास, पारनाका परिसर में छोड़ा था, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी।
इस घटना से परिवार में भय और गहरी चिंता का माहौल फैल गया है। छात्रा की मां ने डहाणू पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की है। भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध क्रमांक 171/2025 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है।
डहाणू पुलिस थाने ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस प्रकरण से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। साथ ही, छात्रा की गोपनीयता का सम्मान करते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर न फैलाने की भी सख्त हिदायत दी गई है।







