Bihar Weather Today: बिहार में जितना राजनीतिक माहौल पलट रहा है उतना है यहां का मौसम भी बदल रहा है। बता दें कि, मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर अपनी करवट बदल ली है। खासकर उत्तर बिहार और दक्षिण मध्य बिहार के तापमान में यह अंतर देखने को मिला है। बता दें कि इन इलाकों में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। इसके साथ ही राज्य के अधिकांश जिलों में कोहरा अचानक बढ़ गया है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो पछुआ हवा की गति सोमवार और मंगलवार की रात से बेहद कम हो गई जिसके कारण पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न हुआ और वातावरण में नमी की मात्रा अचानक बढ़ गई है।
Bihar Weather News: कोहरे का येलो अलर्ट जारी
वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग के अनुसार आज बुधवार को भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं बात की जाए तो 23 जनवरी को भी कुछ ऐसी ही स्थिति बनी रहने वाली है। पटना समेत राज्य के सभी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। खासकर उत्तर बिहार के सभी 19 जिलो और राजधानी पटना, भोजपुर, नालंदा, बक्सर और बेगूसराय जिलों में भी लोगों को कोहरे से अलर्ट रहने की चेतावनी दी गई है। आपको बता दें कि कोहरे का लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राजधानी पटना के अलावा उत्तर बिहार और दक्षिण मध्य बिहार के जिलों में दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
Bihar Weather News: कहां छाया रहेगा घना कोहरा?
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में अभी भी मौजूद है। साथ ही एक अन्य चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर पूर्व असम और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर से से 3.5 किलोमीटर तक ऊपर मौजूद है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हवा का प्रवाह कम हुआ है।
यही वजह है कि उत्तर बिहार के हिमालय के तिलहटी के जिलों में बहुत घना कोहरा और उत्तर बिहार के शेष जिलों में घना कोहरा तो पटना, बेगूसराय, नालंदा, लखीसराय, मुंगेर भागलपुर में ज्यादा घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। कल 23 जनवरी तक राज्य के मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नही है।
Bihar Weather News: तापमान में आई काफी गिरावट
मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली है, जिस वजह से दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है, हालांकि कुछ जिलों के तापमान पर कोई विशेष असर नहीं हुआ। सबसे अधिक गया में 27.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लेकिन, राजधानी पटना में 3.6 डिग्री की गिरावट हुई और 19.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों का तापमान 16 से 18 डिग्री के करीब रहा। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। सबसे कम औरंगाबाद में 6.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया राजधानी पटना में 11.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।









