पालघर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के पावन अवसर पर जिले के औद्योगिक बोईसर शहर में हर वर्ष के भाती इस वर्ष भी शिवजयंती उत्सव 2026 का आयोजन अत्यंत भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में किया जा रहा है। यह विराट आयोजन श्री शिव शंभू प्रतिष्ठान, बोईसर की ओर से बुधवार, 19 फरवरी 2026 को किया जाएगा। शिवजयंती को लेकर पूरे बोईसर शहर में उत्साह, उमंग और शिवभक्ति का वातावरण बना हुआ है, वहीं आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष का शिवजयंती उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक सरोकारों का संगम होगा।
शिवजयंती उत्सव की शुरुआत मंगलवार, 18 फरवरी की रात ठीक 12:00 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति पूजन के साथ होगी। इस अवसर पर भव्य फायर शो का आयोजन किया जाएगा, जो पूरे क्षेत्र को रोशनी और उत्साह से भर देगा। इसके पश्चात बुधवार, 19 फरवरी को तड़के सुबह 4:00 बजे शिवभक्त शिवज्योत लाने के लिए रवाना होंगे। यह शिवज्योत सुबह 9:00 बजे बोईसर पहुँचेगी, जहाँ शिवभक्तों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
शिवजयंती उत्सव के अंतर्गत सामाजिक दायित्व को निभाते हुए 19 फरवरी को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इस रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों के भाग लेने की संभावना जताई जा रही है, जिससे शिवजयंती के अवसर पर मानव सेवा का संदेश दिया जाएगा।
उत्सव का मुख्य आकर्षण 19 फरवरी को शाम 4:00 बजे निकाली जाने वाली भव्य एवं दिव्य शिवजयंती शोभायात्रा होगी। यह शोभायात्रा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर ओस्तवाल एम्पायर, जिजाऊ माता चौक (बस डिपो), रेलवे स्टेशन और नवापुर नाका होते हुए पुनः डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक पर संपन्न होगी। शोभायात्रा के दौरान राम जी की आकर्षक झांकियां, छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, शौर्य और पराक्रम को दर्शाती भव्य ऐतिहासिक झांकियां तथा अन्य सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जो दर्शकों को भावविभोर कर देंगी।
इस भव्य शोभायात्रा में मावळा वेशभूषा धारण किए हुए बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सहभागी होंगे, जिससे शिवकालीन परंपरा और स्वराज्य की भावना सजीव रूप में देखने को मिलेगी। विशेष रूप से इस वर्ष जिले में पहली बार 101 ढोलों की मानवंदना प्रस्तुत की जाएगी, जो पूरे वातावरण को शिवमय बना देगी। इसके साथ ही भव्य लाइट शो और दिव्य फायर–लाइट शो भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
शिवजयंती उत्सव के सभी कार्यक्रम डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक, मधुर होटल के सामने, ओस्तवाल एम्पायर, बोईसर में आयोजित किए जाएंगे। रात्रि 10:00 बजे कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा।
श्री शिव शंभू प्रतिष्ठान, बोईसर की ओर से समस्त शिवभक्तों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर इस ऐतिहासिक शिवजयंती उत्सव में सहभागी बनें और छत्रपति शिवाजी महाराज को सामूहिक रूप से नमन करें।
पराग यादव की रिपोर्ट







