स्थान: भोपोली, तालुका विक्रमगड, जिला पालघर, महाराष्ट्र।
पालघर जिले में फर्जी कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मनोर पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 21 लाख 83 हजार 800 रुपये का सामान जब्त किया है।
फर्जी कॉल सेंटर के जरिए करते थे धोखाधड़ी
पुलिस के अनुसार, मनोर पुलिस थाना क्षेत्र के भोपोली गांव में यह फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। यहां से विदेशी नागरिकों को मोबाइल और लैपटॉप में वायरस होने का झूठा संदेश भेजा जाता था।
इसके बाद बैंक खाते में मौजूद रकम सुरक्षित रखने का बहाना बनाकर लोगों को गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए कहा जाता था। गिफ्ट कार्ड मिलने के बाद उसके नंबर का इस्तेमाल कर रकम हासिल की जाती थी। जांच में हवाला के माध्यम से रकम प्राप्त करने की बात भी सामने आई है।
21.83 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 7 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 6 डेस्कटॉप कंप्यूटर और 9 राउटर जब्त किए हैं।
इसके अलावा एक फॉर्च्यूनर कार और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत 21 लाख 83 हजार 800 रुपये बताई गई है।
7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख और अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे के मार्गदर्शन में मनोर पुलिस तथा स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने की।






